अंबाजी के त्रिशुलिया घाट पर बस पलटी, 18 यात्रियों के मरने की पुष्टि

अम्बाजी। गुजरात के अम्बाजी में भीषण सड़क हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बनासकांठा के पास लक्झरी बस खाई में गिर गई। त्रिशुलिया घाट पर हुए इस हादसे में 21 लोगों के मरने की आशंका है। हालांकि जिला स्वास्थ्य अधिकारी एसजी शाह ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है। 30 यात्री घायल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने हादसे पर दुख जताया है।


हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कई लोग अब भी बस के नीचे दबे हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है। स्थानीय लोगों के साथ बचाव दल के सदस्य यात्रियों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। हादसे का कारण अभी साफ नहीं है। मृतक संख्या बढ़ सकती है।


 


जानकारी के मुताबिक, बस तीर्थ यात्रियों की थी, जो अम्बाजी से दर्शन करके लौट रहे थे। घटना के बाद मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया।


हादसे के समय निजी ट्रेवल्स की बस में 65 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसा शाम करीब 4.30 बजे हुआ। अम्बाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद श्रद्धालु बस में सवार होकर वापस लौट रहे थे तभी त्रिशुलिया घाट के नीचे मोड़ लेते समय बस अचानक पलट गई। सूचना पाते पुलिस दांत पुलिस थाने का काफिला आ पहुंचा।