इंदौर में अब तक 40 इंच बारिश, आज भी झूमकर बरस रहे बदरा

मंगलवार दिनभर मानसून इंदौर पर मेहरबान रहा। दिनभर में सवा इंच से ज्यादा पानी बरसा। अब तक इस मौसम में बारिश का आंकड़ा 1000 मिलीमीटर (40 इंच) तक पहुंच चुका है। यह पिछले साल इस समय तक हुई बारिश से लगभग 12 इंच ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा। शहर में 36 घंटे के दौरान दो इंच के लगभग बारिश दर्ज हुई।


पिछले कई दिनों से शहर के आकाश पर बादल डेरा जमाए हुए हैं। मंगलवार सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। कभी छुटपुट तो कभी जोरदार बारिश देखने को मिली। सुबह 10 से 12 बजे के बीच पश्चिम क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई तो शाम के वक्त रीगल क्षेत्र में। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक इंदौर में 31.4 मिमी (लगभग सवा इंच) पानी बरसा। इसे मिलाकर अब तक शहर में 1000 मिमी से ज्यादा बारिश (करीब 40 इंच) बारिश दर्ज हो चुकी है। बुधवार सुबह से ही शहर में जोरदार बरसात हो रही है। इसके चलते यशवंत सागर डैम के गेट खोलने पड़ गए हैं। शहर के ज्यादातर बड़े तालाबों का भारी बारिश के चलते जलस्तर बढ़ गया है। शहर के पश्चिमी क्षेत्र की प्यास बुझाने वाला यशवंत सागर तालाब लबालब हो चुका है। इसकी क्षमता 19.4 फीट है। वहीं बड़ा सिरपुर तालाब भी अपनी क्षमता 16.2 फीट तक भर चुका है। वहीं पिछली बार आधे से भी कम भरा बड़ा बिलावली तालाब 24.2 फीट तक भर चुका है। इसकी जल ग्रहण क्षमता 34 फीट है।


 


मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 13 और 14 सितंबर को एक बार फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री दर्ज हुआ, यह सामान्य से पांच डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।