नई दिल्ली। देश में आर्थिक मंदी की आहट के बीच मोदी सरकार पर विपक्ष जमकर निशाना साध रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर भी आर्थिक नीतियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में वित्त मंत्री का आर्थिक मंदी को लेकर ओला-उबर से जुड़ा बयान भी काफी चर्चाओं में आया था। इस बयान को लेकर अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने निर्मला गांधी पर तंज कसा है। प्रियंका ने निर्मला को कटघरे में खड़ा करने के लिए दिलचस्प अंदाज में ट्वीट किया है।
प्रियंका ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में एक खिलाड़ी बाउंड्री पर कैच लेने की कोशिश कर रहा है। गेंद पर आखिर तक नजर रखने के बाद वह उसे पकड़ता है और बेलेंस बिगड़ने पर साथी खिलाड़ी की ओर गेंद उछाल देता है। साथी खिलाड़ी द्वारा गेंद लपकने की वजह से बल्लेबाज आउट हो जाता है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा कि 'सही कैच पकड़ने के लिए अंत तक गेंद पर नजर और खेल की सच्ची भावना होनी जरुरी है। वरना आप सारा दोष #gravity, गणित, ओला-उबर और इधर-उधर की बातों पर मढ़ते रहेंगे। भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए जनहित में जारी।'