Rain in Gwalior : 9 साल बाद सितंबर में 18 घंटे में 5.7 इंच बारिश

ग्वालियर। सीजन के आखिर में मानसून शहर पर मेहरबान हो ही गया। पिछले 18 घंटे में 5.7 इंच (117.5 मिमी) बारिश हो गई। इससे शहर पानी-पानी हो गया। वहीं तापमान में भी 6.2 डिसे की गिरावट दर्ज की गई। 9 साल बाद सितंबर में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। इससे पहले 20 सितंबर 2010 को 24 घंटे में 6.29 इंच (159.8 एमएम) बारिश हुई थी।


देश में तीन चक्रवात बने हुए हैं। अरब सागर में मुंबई के पास, विशाखापट्टनम, हरियाणा और राजस्थान के बीच में चक्रवात बनने से समुद्र से भरपूर नमी आ रही है। इस नमी की वजह से बीते रविवार की शाम 5:30 बजे से बारिश शुरू हुई, जो सोमवार सुबह 11 बजे तक जारी रही।


 



कुल 18 घंटे में 5.7 इंच पानी बरस गया। जिससे औसत बारिश का कोटा 866.5 मिलीमीटर पर पहुंचा गया, जो औसत से 76.5 मिमी ज्यादा बारिश है। सीजन के अभी 6 दिन शेष हैं। इन 6 दिनों में भी बारिश की संभावना है।


 


दिन व रात के तापमान में 3.6 डिसे का अंतर, दिन में ठंड का अहसास


बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में गत दिवस की अपेक्षा 6.4 डिसे की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 25.1 डिसे पर आ गया। सामान्य से 9.2 डिसे कम रहा। दिन व रात के तापमान में महज 3.6 डिसे का अंतर था। इससे दिन में ठंडक का अहसास हुआ। यह मानसून सीजन के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट है।


 


48 घंटे तक रहेगा असर


राजस्थान व हरियाणा में बने चक्रवात की वजह से ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश हो रही है। अगले 48 घंटे तक बारिश की संभावना है। लौटते हुए मानसून से भी अंचल में बारिश की संभावना बनेगी। करीब 50 मिली मीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है।